Tuesday, 22 September 2026

 25 एवं 26 सितंबर को डाकघरों में आयोजित होगा आधार एनरोलमेंट एवं अपडेट का विशेष महा-अभियान आयोजन के सम्बन्ध में 



भारतीय डाक विभाग द्वारा आम नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने तथा अधिकाधिक लोगों तक इन सेवाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से दिनांक 25 एवं 26 सितंबर 2026 को रीवा संभाग के विभिन्न डाकघरों में आधार एनरोलमेंट एवं अपडेट का विशेष महा-अभियान आयोजित किया जा रहा है।

इस विशेष महा-अभियान के अंतर्गत नागरिकों को आधार नामांकन एवं आधार में आवश्यक विवरणों के अद्यतन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिन नागरिकों का अभी तक आधार कार्ड नहीं बना है, वे नवीन आधार नामांकन हेतु संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिन नागरिकों को अपने आधार में मोबाइल नंबर, पता अथवा अन्य आवश्यक विवरण अपडेट कराने हैं, वे भी इस अभियान का लाभ उठा सकते हैं।

इन डाकघरों में उपलब्ध रहेंगी आधार सेवाएं-

रीवा संभाग के निम्नलिखित डाकघरों में आधार संबंधी कार्य किए जाते हैं—

रीवा जिले में: रीवा प्रधान डाकघर, बैकुंठपुर, चाक, गढ़, गोविंदगढ़, गुढ़, हनुमना, जवा, जेपी नगर, कटरा, मनगवां, मनिकवार, मऊगंज, रायपुर कर्चुलियान, रीवा सिटी-1, सेमरिया, सिरमौर एवं त्योंथर।

सीधी एवं सिंगरौली जिले में: सीधी प्रधान डाकघर, चितरंगी, मझौली, चुरहट, जयंत कॉलरी, जियावन, सिंगरौली कॉलरी, विंध्यनगर एवं वैढ़न।

आधार सेवाओं का लाभ उठाने हेतु नागरिकों से अपील-

भारतीय डाक विभाग आम नागरिकों से अपील करता है कि वे इस विशेष महा-अभियान की जानकारी अपने परिवारजनों, मित्रों एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाएं तथा जिन नागरिकों को आधार नामांकन अथवा अपडेट की आवश्यकता है, उन्हें अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र वाले डाकघर में संपर्क करने हेतु प्रेरित करें।

आधार संबंधी कार्यों के लिए डाकघर पहुंचते समय नागरिक अपने आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका कार्य किया जा सके।

भारतीय डाक विभाग का उद्देश्य आमजन को सुलभ, सुविधाजनक एवं विश्वसनीय आधार सेवाएं उपलब्ध कराना है। अतः सभी नागरिकों से अनुरोध है कि दिनांक 25 एवं 26 सितंबर 2026 को आयोजित इस विशेष आधार महा-अभियान में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर आधार संबंधी सेवाओं का लाभ उठाएं तथा इस जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें साथ ही पुराने बस स्टैंड के पास रीवा सिटी उपडाकघर में पासपोर्ट केंद्र संचालित है ,जहाँ पासपोर्ट सम्बन्धी कार्य किये जाते हैं I

No comments: